ज्ञानदीप पोर्टल (GyanDeep Portal) बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा विकसित एक आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 (RTE Act) की धारा 12(1)(c) के अंतर्गत बच्चों का निजी विद्यालयों में निःशुल्क नामांकन सुनिश्चित करना है। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के प्रस्वीकृति प्राप्त निजी स्कूलों में 25% आरक्षित सीटों पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अलाभकारी समूह एवं अनाथ बच्चों का ऑनलाइन नामांकन किया जाता है।
ज्ञानदीप पोर्टल का उपयोग करके माता-पिता या अभिभावक घर बैठे अपने बच्चे का ऑनलाइन पंजीकरण, आवेदन फॉर्म भरना, दस्तावेज अपलोड करना, स्कूल आवंटन देखना और नामांकन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा कर सकते हैं। यह पोर्टल नामांकन प्रक्रिया को सरल, निष्पक्ष और डिजिटल बनाता है, जिससे जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक समान अवसर मिल सके।
संक्षेप में बोले तो ज्ञानदीप पोर्टल बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा दिलाने की दिशा में एक सशक्त माध्यम के रूप में कार्य करता है।